मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच शनिवार (7 मार्च 2026) को ईरान की राजधानी तेहरान एक बार फिर जोरदार धमाकों से दहल उठी। इजरायल ने तेहरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिनमें शहर के प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी निशाने पर रहा।
हमलों के बाद एयरपोर्ट पर भीषण आग लग गई और रनवे पर खड़े एक विमान के जलने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गए। इसी बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने अमेरिका की ‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’ की माँग को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह एक ऐसा सपना है जिसे अमेरिका को अपनी कब्र तक साथ ले जाना होगा।
अमेरिका की माँग पर ईरान का तीखा जवाब
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने शनिवार (7 मार्च 2026) को राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि अमेरिका द्वारा ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण की माँग करना पूरी तरह अवास्तविक है। उन्होंने कहा कि यह माँग केवल एक सपना है जिसे अमेरिका को अपनी कब्र तक साथ ले जाना पड़ेगा।
हालाँकि, उन्होंने खाड़ी के कुछ देशों पर हुए हमलों को लेकर खेद भी जताया। पेजेशकियान ने कहा कि बहरीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर किए गए हमले गलतफहमी की वजह से हुए और ईरान अब ऐसे हमले रोक देगा। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान का मुख्य लक्ष्य इजरायल और उसके सहयोगियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करना है।
तेहरान एयरपोर्ट पर इजरायली हमले, विमान में लगी आग
इजरायली सेना ने शनिवार (7 मार्च 2026) को घोषणा की कि उसने तेहरान में ‘व्यापक पैमाने पर नई हवाई कार्रवाई’ शुरू की है। इन हमलों में मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत कई सरकारी और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े एक विमान में आग लग गई और पूरे इलाके में काले धुएँ का गुबार उठता दिखाई दिया।
यह पहली बार नहीं है जब इस एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 4 मार्च 2026 को भी इजरायल ने यहाँ हमला किया था। उस समय इजरायल ने दावा किया था कि उसने एयरपोर्ट पर मौजूद ईरान की रक्षा और निगरानी प्रणालियों को नष्ट करने के लिए यह कार्रवाई की थी।
आठवें दिन भी जारी भीषण जंग, कई देशों तक फैला संघर्ष
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुआ यह युद्ध अब आठवें दिन में प्रवेश कर चुका है। शनिवार (7 मार्च 2026) को तेहरान के अलावा ईरान के केर्मानशाह शहर के आसपास भी कई धमाकों की खबरें सामने आईं, जहाँ ईरान के मिसाइल ठिकाने मौजूद हैं।
दूसरी तरफ इजरायल ने दावा किया कि ईरान की ओर से फिर मिसाइलें दागी गईं, जिनके बाद तेल अवीव और यरुशलम के आसमान में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालाँकि, इजरायल की आपात सेवा मैगन डेविड अडोम ने बताया कि इन हमलों में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

