दिल्ली में अडानी की कंपनी पर नहीं हुआ हमला, न गई 50 लोगों की जान: सोशल मीडिया पर झूठ फैला रहे इस्लामी कट्टरपंथी, जानिए क्या है वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए दिल्ली के उत्तम नगर में लगी आग को लेकर भ्रामक और खतरनाक प्रोपेगेंडा फैलाया जा रहा है। कुछ कट्टरपंथी सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में अडानी की उस फैक्ट्री में भीषण आग लगी है जहाँ इजरायल के लिए ड्रोन बनाए जाते हैं। इस तथाकथित ‘हमले’ में 50 लोगों की मौत की झूठी खबर भी फैलाई गई है, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।

क्या है वायरल दावे का सच?

इंटरनेट पर अरबी और अंग्रेजी भाषा के कुछ अकाउंट्स से यह अफवाह उड़ाई गई कि भारत-इजरायल की एक संयुक्त रक्षा इकाई को निशाना बनाया गया है। इसमें ईरानी समर्थकों का हाथ होने और कई इंजीनियरों के मारे जाने की बात कहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव पैदा करने की कोशिश की गई। जाँच में यह सभी दावे पूरी तरह फर्जी (Fake) पाए गए हैं।

उत्तम नगर की मामूली आग को दिया गया ‘डिफेंस’ का नाम

न्यूज एजेंसी PTI और स्थानीय प्रशासन के स्पष्टीकरण के अनुसार, यह आग दिल्ली के उत्तम नगर स्थित मछली मंडी के पास लगी थी। यह एक सामान्य आगजनी की घटना थी जिसे दमकल विभाग ने तुरंत नियंत्रित कर लिया था। इस घटना का न तो अडानी समूह से कोई लेना-देना है और न ही किसी डिफेंस फैसिलिटी या इजरायल से।

अधिकारियों और विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तम नगर की एक स्थानीय घटना को ‘अडानी ड्रोन फैक्ट्री’ से जोड़कर पेश करना महज एक सुनियोजित प्रोपेगेंडा है। 50 मौतों की खबर पूरी तरह निराधार है, क्योंकि इस आग में किसी भी प्रकार की जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी संवेदनशील और झूठी खबरों को साझा करने से बचें।