ईद से पहले आकिल-फरहान का गैंग इकट्ठा कर रहा था हथियार, 7 पिस्टल-3 तमंचे समेत कई असलहे बरामद: मुजफ्फरनगर पुलिस ने 4 को पकड़ा

मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 07 पिस्टल, 03 तमंचे और 06 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त की है। SSP संजय कुमार वर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में मेरठ निवासी आकिल, फरहान, मोहम्मद तालिब और शाहरुख शामिल हैं, जिनमें से एक 15 हजार रुपए का इनामी गौकश भी है।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस को सूचना मिली थी कि मेरठ से अवैध हथियारों की खेप बुढ़ाना की तरफ जा रही है। इस पर पलड़ी नहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित मेरठ से हथियार सस्ते में खरीदकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सप्लाई करते थे।

आरोपितों ने बताया कि वे 40 हजार की पिस्टल को करीब 70 हजार में और तमंचे को 10 हजार रुपए तक में बेचते थे। आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए हथियारों की माँग बढ़ गई थी, जिसका फायदा उठाने के लिए यह सप्लाई दी जानी थी। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।