फिल्म ‘धुरंधर 2’ को प्रोपेगेंडा बता वारिस पठान और तारिक अनवर ने की बैन की माँग: बचाव में उतरे J&K के पूर्व DGP, बोले- सच्चाई हजम नहीं हो रही

बॉलीवुड की नई फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ एक तरफ जहाँ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसकी कामयाबी से कुछ नेता बेहद असहज नजर आ रहे हैं। AIMIM के वारिस पठान और कॉन्ग्रेस सांसद तारिक अनवर ने फिल्म को नफरत फैलाने वाली ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ बताते हुए सरकार से इस पर तुरंत बैन लगाने की माँग की है।

वारिस पठान ने तीखा हमला करते हुए कहा कि कुछ लोग चंद रुपयों के लिए झूठ और नफरत फैला रहे हैं, ऐसी फिल्मों पर पाबंदी लगनी चाहिए। वहीं, कॉन्ग्रेस सांसद तारिक अनवर ने आरोप लगाया कि यह फिल्म समाज को बाँटने की एक सोची-समझी साजिश है और यह सत्ताधारी भाजपा के एजेंडे को बढ़ावा दे रही है।

इन नेताओं का मानना है कि ऐसी फिल्मों के देश पर बुरे परिणाम हो सकते हैं। हालाँकि, विरोध के बीच पूर्व जम्मू-कश्मीर DGP एसपी वैद फिल्म के बचाव में उतरे हैं। उन्होंने साफ कहा कि फिल्म केवल कड़वी सच्चाई दिखा रही है और जो लोग सच्चाई से डर रहे हैं, वही इसे प्रोपेगेंडा बताकर शोर मचा रहे हैं। फिलहाल, फिल्म को लेकर जनता और राजनेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।