असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य की सियासत में बयानबाजी तेज होती जा रही है। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के एक बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। अजमल ने दावा किया है कि चुनाव के बाद असम में ‘मियाँ’ समुदाय का प्रभाव बढ़ेगा और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का दबदबा कम हो जाएगा।
दरअसल, इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था कि पिछले 5 वर्षों में उनकी सरकार ने ‘बांग्लादेशी मियाओं के हाथ-पैर तोड़ दिए’ और अगले 5 वर्षों में ‘उनकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी जाएगी।’ मुख्यमंत्री के इस बयान पर अजमल ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद हालात पूरी तरह बदल जाएँगे।
अजमल ने कहा कि मियाँ समुदाय असम में हावी होगा और दादागिरी करेगा जबकि हिमंता सरमा का प्रभाव खत्म हो जाएगा और उन्हें नई दिल्ली जाना पड़ेगा। अजमल का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में चुनावी गतिविधियाँ चरम पर हैं और सभी दल अपने-अपने समर्थन आधार को मजबूत करने में जुटे हैं।

