अधिकारियों को बंधक बनवाया, भीड़ को भड़काया: मालदा कांड के बाद भागने की फिराक में था ‘साजिशकर्ता’ मोफक्कारुल इस्लाम, पुलिस ने एयरपोर्ट से दबोचा

पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मुख्य आरोपित मोफक्कारुल इस्लाम को पुलिस ने शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) सुबह बागडोगरा एयरपोर्ट से धर दबोचा। वह राज्य छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन उड़ान भरने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

जाँच एजेंसियों के मुताबिक, कालियाचक में सात अधिकारियों को बंधक बनाने और भीड़ को भड़काने की पूरी साजिश के पीछे मोफक्कारुल इस्लाम का ही दिमाग था। इस मामले में पुलिस अब तक आईएसएफ (ISF) उम्मीदवार मौलाना शाहजहाँ अली समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्हें 10 दिन की रिमांड पर भेजा गया है।

हालाँकि शाहजहाँ अली खुद को बेगुनाह बता रहा है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उनके पास पुख्ता तकनीकी सबूत मौजूद हैं। यह गिरफ्तारी इसलिए भी बड़ी है क्योंकि नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) मालदा पहुँचकर इस केस की कमान संभालने वाली है। अब साजिशकर्ता से पूछताछ में साजिश की और भी परतें खुलने की उम्मीद है।