मालाबार गोल्ड का पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा एक्सपोज करने वाले विजय गजेरा ने छोड़ा सोशल मीडिया, कंपनी ने बैन करवाया था ‘एक्स’ अकाउंट: फैक्ट चेकिंग वेबसाइट भी कर रहे बंद

विजय गजेरा, जिन्हें विजय पटेल के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने अपने फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट ‘ओनली फैक्ट इंडिया’ लगभग पाँच साल तक चलाने के बाद बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया छोड़ने का भी निर्णय लिया है। इसकी जानकारी उन्होंने सोमवार (6 अप्रैल 2026) को एक्स पर साझा की।

एक्स पर विजय पटेल के आधिकारिक हैंडल ने लिखा, “हैलो दोस्तों, मैं इस प्लेटफॉर्म को हमेशा के लिए छोड़ रहा हूँ और अगले महीने से हमारे फैक्ट-चेकिंग गैर-लाभकारी ‘ओनली फैक्ट इंडिया’ को भी बंद कर दूँगा।”

पटेल ने कहा, “करीब 5 साल आप सभी के साथ बिताने के बाद आपसे दूर जाना मेरे लिए बहुत दर्दनाक है। आपके सहयोग से मैं विदेशी फंडिंग, वामपंथी और इस्लामी नेटवर्क का खुलासा कर पाया। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसी स्थिति आएगी, लेकिन मैं और मेरी टीम इस मजबूत सिस्टम के सामने हार गए।”

उन्होंने आगे कहा, “जब हमारी न्यायपालिका उन लोगों की रक्षा कर रही है जिन्होंने हमारी सेना का मजाक उड़ाया, वहीं हमें चुप करा दिया गया क्योंकि हमने ऐसे लोगों को उजागर किया। मुझे लगता है कि आम लोगों को न्यायपालिका तक वैसी पहुँच नहीं है जैसी प्रभावशाली लोगों को है।”

पटेल ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने 439 फर्जी खबरों का पर्दाफाश किया और बताया कि उन्होंने अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए अपनी बचत का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने लगातार उनका साथ दिया, लेकिन यह समर्थन पर्याप्त नहीं था, जिसके चलते उन्हें काम बंद करने का फैसला लेना पड़ा।

पटेल ने मुश्किल समय में उनका और उनकी टीम का साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “आपके समर्थन की वजह से मैं ताकतवर लोगों और पूरे सिस्टम का पर्दाफाश कर पाया, लेकिन आखिरकार मैं इसी सिस्टम के खिलाफ हार गया। बधाई हो मालाबार और इस पूरे नेटवर्क को, आप लोग जीत गए! आप सभी को अलविदा। हर हर महादेव।”

गौरतलब है कि हिंदू कार्यकर्ता विजय पटेल उर्फ विजय गजेरा के खिलाफ मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने सिविल मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर उन्हें अपने पोस्ट हटाने पड़े। इसी कानूनी मामले के कारण उनका मूल एक्स हैंडल @vijaygajera भी भारत में बैन कर दिया गया था।

fact checker vijay gajera quits social media shuts only fact india website