आमिर ने दोस्तों संग युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर किया रेप, फिर दी जान से मारने की धमकी: सहारनपुर पुलिस ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से रेप करने वाले वांछित मुख्य आरोपित आमिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बोन्दकी का निवासी है, काफी समय से फरार चल रहा था।

यह मामला 4 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जब पीड़िता की माँ ने थाना कोतवाली देहात में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपित आमिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का रास्ता रोका, उसे नशीला पदार्थ सुंघाया और फिर उसके साथ रेप किया।

इतना ही नहीं आरोपितों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया।

गुरुवार (16 अप्रैल 2026) को पुलिस ने नाजिरपुरा के पास बड़ी लाइट क्षेत्र से आरोपित आमिर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ पहले से दर्ज मामले में अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।