संभल में सरकारी जमीन पर बने अवैध मदरसे और मस्जिद पर चला बुलडोजर, 30 साल पुराना कब्जा हटाया: 90 फीट थी मीनार की ऊँचाई

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने अवैध मदरसे और मस्जिद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) की सुबह नायब तहसीलदार और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर मदरसे और मस्जिद को पूरी तरह गिरा दिया गया।  

दरअसल यह पूरा मामला सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, करीब 30 साल पहले यहाँ बिना अनुमति के मदरसा बनाया गया था। बाद में उसी जगह पर 90 फीट ऊँची मीनार वाली मस्जिद भी खड़ी कर दी गई, जिसे मदरसे वाली मस्जिद कहा जाने लगा। राजस्व विभाग ने जाँच में पाया कि यह निर्माण खेल के मैदान और खाद के गड्ढे के लिए आरक्षित करीब 700 वर्गमीटर जमीन पर किया गया था।

प्रशासन ने पहले नोटिस देकर 15 दिन का समय दिया था। कुछ हिस्से को स्थानीय लोगों ने खुद ही हटा दिया, लेकिन बाकी निर्माण हटाने के लिए अब प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर पुलिस और RPF के जवान तैनात रहे, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से चल सकी।

जिला प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। DM ने साफ कहा है कि आगे भी ऐसे अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।