उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) की रात असलम नाम के व्यक्ति ने सर्राफा व्यापारी तेज प्रकाश सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के बीच पुराने पैसों के विवाद को लेकर मुलाकात हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना बबेरू कस्बे की है। तेज प्रकाश सोनी को असलम ने कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास बुलाया था। वहाँ दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, लेकिन इसी दौरान किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर असलम ने तमंचे से तेज प्रकाश के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली लगने के बाद व्यापारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तत्काल टीमों का गठन कर घेराबंदी कराई।
करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपित असलम को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी। फिलहाल आरोपित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

