दाउद कनेक्शन वाला अंतर्राष्ट्रीय ड्रग माफिया गिरफ्तार, तुर्किये में दबोचा गया भारत का वॉन्टेड सलीम डोला: सालाना करता था ₹5000 करोड़ की काली कमाई

अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में भारत के कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला को इस्तांबुल में तुर्किये की सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। भारतीय एजेंसियों ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। लंबे समय से फरार चल रहा डोला वैश्विक सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क का बड़ा खिलाड़ी माना जाता था।

जाँच एजेंसियों के अनुसार, सलीम डोला कई देशों में फैले ड्रग तस्करी नेटवर्क को संचालित कर रहा था और भारत समेत कई जगहों पर सप्लाई चेन को नियंत्रित करता था। सबसे अहम खुलासा यह है कि उसके संबंध मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसकी डी-कंपनी से बताए जा रहे हैं।

बताया जाता है कि डोला पहले मुंबई में सक्रिय था लेकिन बाद में दुबई से अपने पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट करने लगा। इससे पहले उसके नेटवर्क पर कई कार्रवाई हो चुकी हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उस पर इनाम घोषित कर रखा था और रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। डोला की कई अवैध फैक्ट्रियाँ और लैब भारत में भी पकड़ी जा चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि डोला का सिंडिकेट सालाना ₹5,000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर रहा था।

हालाँकि, तुर्किये से सीधे प्रत्यर्पण संभव नहीं है, इसलिए भारत उसे UAE के जरिए लाने की कोशिश कर रहा है। एजेंसियों को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट और अंडरवर्ल्ड कनेक्शन से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।