दिल्ली में 200 साल पुरानी ‘पंच पीरान दरगाह’ के अवैध कब्जे को DDA ने किया समतल, 1000 गज जमीन हुई मुक्त

दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार (6 मई 2026) को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण को ढहा दिया। यह कार्रवाई मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में रेलवे लाइन के पास की गई।

यहाँ करीब 200 सालों से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। DDA अधिकारियों के मुताबिक, यह ढांचा सरकारी जमीन पर पूरी तरह अवैध रूप से बना था। मंगोलपुरी में ‘पंच पीरान दरगाह’ के नाम पर करीब 1000 गज जमीन को दबाया गया था।

प्रशासन ने धार्मिक कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद ही इस बुलडोजर एक्शन को अंजाम दिया। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई शाम तक चली, जिसमें 90 प्रतिशत अवैध हिस्से को गिरा दिया गया।

दिल्ली सरकार शहर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम में जुटी है। इसी कड़ी में मंगोलपुरी में सालों पुराने अवैध कब्जे को हटाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कब्जा करने वालों को पहले ही स्पष्टीकरण नोटिस दिया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे ताकि कोई बाधा न आए। अब सरकारी जमीन पूरी तरह प्रशासन के कब्जे में है।