चारमीनार घूमने गई बंगाली एक्ट्रेस से छेड़छाड़ करने वाले अब्दुल वाजिद को जेल, शॉपिंग के दौरान कर रहा था बैड टच

हैदराबाद के चारमीनार इलाके में अभिनेत्री प्रत्युषा पॉल से छेड़छाड़ करने के आरोप में अब्दुल वाजिद नाम के एक शख्स को जेल भेज दिया गया है। हैदराबाद के टोलिचौकी इलाके के रहने वाले 40 साल के अब्दुल वाजिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे सजा देते हुए 7 दिन के लिए जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की रहने वाली अभिनेत्री प्रत्युषा पॉल शनिवार (2 मई 2026) को अपने परिवार के साथ चारमीनार इलाके में खरीदारी करने पहुँची थी। वह चारमीनार के आसपास फुटपाथ पर लगी दुकानों में सामान देख रही थीं। इसी दौरान अब्दुल वाजिद उसके पीछे-पीछे घूमने लगा और ‘बैड टच’ करने की कोशिश की। आरोपित की हरकतों से अभिनेत्री परेशान हो गई।

अभिनेत्री चारमीनार पुलिस स्टेशन पहुँची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाके में पूछताछ के बाद आरोपित को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया।

बाद में आरोपित को नामपल्ली स्थित प्रथम न्यायिक विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को 7 दिन के लिए जेल भेजने का आदेश दिया।