TCS नासिक कांड: निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद अब्दुल मतीन का अवैध घर-ऑफिस ध्वस्त, बुलडोजर टीम को महिलाओं ने दी संविधान की कॉपी

महाराष्ट्र के नासिक में TCS कांड की आरोपित निदा खान के करीबियों पर शिकंजा कसना चालू हो गया है। निदा खान की मदद करने वाले AIMIM के पार्षद अब्दुल मतीन पटेल के घर और ऑफिस पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, AIMIM ने अब्दुल मतीन ने निदा खान को अपने घर में रखा था।

छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) नगर निगम ने यह कार्रवाई इसीलिए की क्योंकि पार्षद के घर और कार्यालय का निर्माण अवैध तरीके से कराया गया था। तीन दिन पहले नगर निगम ने नोटिस भी जारी किया था और तय समय सीमा पूरी होने के बाद बुधवार (13 मई 2026) की सुबह-सुबह नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने पहुँची।

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। स्थानीय महिलाओं ने नगर निगम की टीम को फूल देकर स्वागत किया। महिला ने कार्रवाई को कानूनी तरीके के संविधान के अधीन बताया। इस दौरान महिलाओं ने नगर निगम की टीम को संविधान की प्रतियाँ भी भेंट की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, AIMIM पार्षद अब्दुल मतीन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 249 के तहत कार्रवाई की गई है। निदा खान की गिरफ्तारी के बाद भी अब्दुल मतीन से पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।