भारत में चलाई कृषि-खाद्य योजनाओं के लिए PM मोदी को मिला विदेश में अवार्ड, UN ने FAO ऐग्रीकोला पदक से नवाजा: प्रधानमंत्री बोले- ये सम्मान देश के किसानों को समर्पित

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन यानी FAO ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान FAO ऐग्रीकोला पदक से नवाजा।यह पुरस्कार उन्हें इटली की राजधानी रोम में एफएओ के मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने प्रदान दिया।

एफएओ के मुताबिक, यह पुरस्कार किसानों को ध्यान में रखकर खेती-किसानी को बदलने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और देश में कृषि को बढ़ावा देने के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि यह भारत के लाखों किसानों, पशुपालकों, कृषि वैज्ञानिकों और श्रमिकों का सम्मान है। उन्होंने कहा, “भारत के लिए खाद्य सुरक्षा केवल एक नीतिगत मामला नहीं है, बल्कि मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कृषि में ड्रोन, एआई और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी भी दी।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत लगातार जलवायु-अनुकूल और भविष्य को ध्यान में रखते हुए कृषि पारिस्थितिकी तंत्र तैयार कर रहा है। देश में वैज्ञानिक और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए काम ‘मिशन मोड’ में चल रहा है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी भारतीय कृषि की एक बड़ी ताकत बनती जा रही है। पीएम मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि खेती का भविष्य केवल अधिक उत्पादन करने में नहीं, बल्कि बेहतर उत्पादन करने में है।

दरअसल पीएम मोदी वैश्विक स्तर पर मोटा अनाज को बढ़ावा देने में लगे हुए हैं। एफएओ के महानिदेशक ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, खेती को आधुनिक और क्वालिटीयुक्त बनाने की उनकी योजनाओं और किसानों की स्थिति में सुधार के लिए किए गए प्रयासों के साथ साथ खाद्य सुरक्षा देने की उनकी कोशिशों को देखते हुए दिया गया है।

पीएम मोदी ने भूख और गरीबी से लड़ने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के संयुक्त राष्ट्र के अहम अभियान को आगे बढ़ाया है। जी-20 की अध्यक्षता के दौरान पीएम मोदी ने वैश्विक स्तर पर कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने का प्रयास किया था। मिलेट्स की खासियत बताते हुए उससे बने खाद्य सामग्री के अलग अलग व्यंजन मेहमानों को भी परोसे गए थे।