सहारनपुर में दारुल उलूम देवबंद के नीचे शिव मंदिर होने का दावा, हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन: SP MP इकरा हसन के खिलाफ भी नारेबाजी

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में हिंदू रक्षा दल ने दावा किया है कि दारुल उलूम देवबंद परिसर के नीचे लगभग 14 फीट की गहराई पर भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर मौजूद है। संगठन ने इस दावे की जाँच के लिए प्रशासन से स्थल की खुदाई कराने की माँग की है।

इसी माँग को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हिंदू रक्षा दल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यदि जाँच में उनका दावा गलत साबित होता है तो उन्हें फाँसी दी जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और उन पर प्रशासन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की माँग की।

करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।