कनाडा में एक और भारतीय छात्रा की दर्दनाक हत्या का मामला सामने आया है। गुजरात की रहने वाली 22 वर्षीय विधि मेघानी की कनाडा के नियाग्रा क्षेत्र में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है बल्कि विदेशों में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मूल रूप से गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली विधि पिछले चार साल से कनाडा में रह रही थीं। वह वहाँ पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थीं ताकि अपना खर्च खुद उठा सकें। बताया जा रहा है कि विधि कानून (लॉ) की पढ़ाई कर रही थीं और कनाडा में स्थायी निवास यानी परमानेंट रेजिडेंसी (PR) के लिए भी तैयारी कर रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 15 मई को हुई, जब विधि अपने घर से निकली थीं। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सीमा के नजदीक नियाग्रा इलाके में उन पर चाकू से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमला दिनदहाड़े हुआ जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कनाडाई पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। हालाँकि, हत्या के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। विधि की मौत की खबर जैसे ही गुजरात पहुँची, उनके परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार गहरे सदमे में है और उन्हें अब भी यकीन नहीं हो पा रहा कि बेहतर भविष्य का सपना लेकर विदेश गई उनकी बेटी अब कभी वापस नहीं लौटेगी।
गौरतलब है कि कनाडा में भारतीय मूल के छात्रों और युवाओं पर हमले के मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। इससे पहले भी कई भारतीय छात्रों की गोलीबारी, हिंसा और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं जिससे विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।

