छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मोहम्मद वसीम रंगरेज पर उसकी हिंदू बीवी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वसीम न केवल उस पर इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाता था, बल्कि अपने बेटे से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ और ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारे भी लगवाता था। इस संबंध में महिला ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है।
हिंदू पीड़िता मूल रूप से कोरबा जिले की रहने वाली है। उसके अनुसार, वसीम ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संपर्क बढ़ाया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वर्ष 2021 में दोनों ने निकाह कर लिया। महिला का आरोप है कि निकाह के समय उसने यह नहीं बताया कि उसका पहले ही निकाह हो चुका है और उसके पाँच बच्चे भी हैं।
महिला का आरोप है कि निकाह के बाद वसीम लगातार उस पर नमाज पढ़ने, कलमा पढ़ने, रोजा रखने और इस्लाम अपनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार उसे घर से भी निकाला गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वसीम अवैध शराब और गाँजे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। वर्तमान में वह एक नशीले पदार्थ से जुड़े मामले में जेल में बंद है। पीड़िता का कहना है कि आरोपित के जेल जाने के बाद ही उसे शिकायत दर्ज कराने का अवसर मिला और वह महिला थाने पहुँची।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत और उपलब्ध कराए गए वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जाँच की जा रही है। जाँच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

