झारखंड के धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित मोहनाद गाँव में प्रतिबंधित मांस मिलने के मामले में पुलिस ने सरफुद्दीन अंसारी, उसके बेटे अशरफ अंसारी और पिकअप वाहन चालक मुनव्वर अंसारी को हिरासत में लिया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके चलते प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है और पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (29 मई 2026) की शाम गाँव के पास खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले एक स्थान पर मांस के टुकड़े देखे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि सरफुद्दीन अंसारी के घर के आसपास भी मांस फेंका गया था। इसी दौरान सरफुद्दीन अंसारी का बेटा अशरफ अंसारी एक पिकअप वाहन के साथ घर पहुँचा।
मुनव्वर अंसारी लेकर पहुँचा मवेशी और प्रतिबंधित मांस लदा हुआ वाहन
आरोप है कि वाहन में एक मवेशी लदा हुआ था और उसमें प्रतिबंधित मांस भी मौजूद था। वाहन से खून टपकता देख ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। स्थिति बिगड़ती देख चालक मुनव्वर अंसारी और अशरफ अंसारी घर के भीतर चले गए जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घर को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर, अंचल अधिकारी सुरेश बर्णवाल और पुलिस बल मौके पर पहुँचे। देखते ही देखते बड़ी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख आसपास के कई थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो बाद में पथराव में बदल गई। पथराव में पुलिसकर्मी घायल हुए। वहीं झड़प और बाद में हुए लाठीचार्ज में करीब एक दर्जन ग्रामीणों के घायल होने की भी सूचना है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

