दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तान की ISI के 9 एजेंट गिरफ्तार: हथियार, ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े नेटवर्क के लिए काम करने का आरोप है।

प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि ये लोग देश की राजधानी समेत अन्य प्रमुख शहरों में संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। स्पेशल सेल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के संपर्क विदेशी हैंडलरों से थे, जो उन्हें एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से निर्देश दे रहे थे।

जाँच एजेंसियों का कहना है कि इन संदिग्धों को महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रेकी करने, स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार करने तथा संभावित हमलों की योजना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हथियारों, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद सामग्री की जाँच की जा रही है ताकि उसके स्रोत और संभावित उपयोग का पता लगाया जा सके। जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपित देश के रणनीतिक महत्व वाले स्थानों, जैसे ऊर्जा प्रतिष्ठान, हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन को निशाना बना सकते थे।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि हाल के वर्षों में विदेशों में बैठे आतंकी संचालक भारत में भर्ती, कट्टरपंथीकरण और स्लीपर सेल सक्रिय करने के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग कर रहे हैं। मामले की जाँच जारी है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।