शहजाद भट्टी गैंग का एक और स्लीपर सेल गिरफ्तार, 22 साल का आतंकी मोहम्मद शेख UP के आजमगढ़ में कर रहा था जिहाद का प्रचार: BJP नेता की हत्या की मिली थी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP-ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आजमगढ़ से मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था। मोहम्मद कैफ को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की एक महिला नेता की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके लिए उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई 1 जून 2026 को की गई। UP-ATS को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकवादी संगठन भारत में युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए जोड़कर उन्हें कट्टरपंथी बना रहे हैं। इसके लिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। युवाओं को पैसे का लालच देने और मजहबी भावनाएँ भड़काकर उन्हें स्लीपर सेल के रूप में तैयार किया जा रहा था, ताकि भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके।

जाँच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक निगरानी के आधार पर 22 साल के मोहम्मद शेख पुत्र रेहान अहमद निवासी खुदादादपुर का नाम सामने आया। ATS के अनुसार, मोहम्मद शेख शहजाद भट्टी के पाकिस्तानी और दुबई के मोबाइल नंबरों के जरिए व्हाट्सएप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसके संपर्क में था। वह उसकी विचारधारा से प्रभावित होकर जिहाद की बातें कर रहा था और अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था।

जाँच में यह भी पता चला कि मोहम्मद शेख को शहजाद भट्टी के अलावा उसके सहयोगी अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी द्वारा भी हैंडल किया जा रहा था। ATS के मुताबिक, गैंग के हैंडलरों ने उसे BJP की महिला नेता को धमकाने और उनकी हत्या करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद उसे किसी बड़े मिशन में शामिल करने की योजना थी।

UP-ATS का कहना है कि मोहम्मद शेख इस साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था और उसने इसके लिए एक पिस्टल और कारतूस की व्यवस्था भी कर ली थी। फिलहाल एजेंसी मामले की आगे जाँच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।