ताबड़तोड़ घोंपा 15 बार चाकू… दिल्ली के उस्मानपुर में 17 साल के अभिषेक की निर्मम हत्या: वारदात CCTV में कैद

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में सोमवार (01 जून 2026) को 17 साल के नाबालिग लड़के की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने युवक को जमीन पर पड़ा पाया। मृतक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना रात 10 बजे के आसपास की है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के परिवार ने बताया कि अभिषेक का कुछ महीने पहले कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था, जिसमें उन युवकों को जेल हो गई थी।

जेल से लौटने के बाद वे अभिषेक को धमकियाँ दे रहे थे। सोमवार को जब अभिषेक किसी काम से घर से बाहर निकला तो उन दोनों ने अभिषेक को घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से वार किया। अभिषेक के शरीर पर चाकू के 15 निशान मिले हैं।

पुलिस ने अभिषेक को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती करवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने इलाके को सील कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।