दिल्ली के मालवीय नगर के फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार (03 जून 2026) की सुबहृ भीषण आग लगने से करीब 21 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों के कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस हादसे में 10 पुलिस वाले भी घायल हुए हैं, जिन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती किया गया है।
आग होटल के बेसमेंट में चल रही रेस्टोरेंट में लगी थी, जो देखते ही देखते ऊपर के कमरों में फैल गई। कई लोगों को ऊपर के कमरों की खिड़कियों से कूदते हुए देखा गया, जिन्हें बचाने की कोशिश लोगों ने की। बताया जा रहा है कि होटल के तीन पार्टनर थे। सभी फरार हैं। होटल का नक्शा भी पास नहीं हुआ था।
हादसे में कई लोग गंभीर रुप से घायल भी हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह करीब 8:50 बजे होटल की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित BNB रेस्टोरेंट में आग लगी।
देखते ही देखते आग छह मंजिला इमारत में ऊपर तक फैल गई और होटल के कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और ऊपरी मंजिलों से कूदते नजर आए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने की कोशिश की।
दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से अब तक करीब 40 लोगों को सुरक्षित निकाला लिया गया है। बेसमेंट से भी छह से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया। मैक्स अस्पताल ने बताया कि आग के बाद 39 लोगों को वहाँ लाया गया, जिनमें 18 को मृत घोषित किया गया।
15 मरीज ICU में भर्ती हैं और 8 वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, AIIMS में 13 घायलों का इलाज जारी है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जाँच जारी है।

