दिल्ली में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 20 लोगों की जिंदा जलकर मौत: दर्जनों झुलसे, कई की हालत गंभीर; PM मोदी ने जताया दुख

राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में बुधवार (03 जून 2026) की सुबह भीषण आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में 20 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुँचे दमकल विभाग ने अब तक 37 लोगों की जान बचाई गई है। तीन लोगों को बिल्डिंग के बेसमेंट से रेस्क्यू किया है। यह संख्या बढ़ सकती है।

आग लगने की काफी वीडियो सामने आई हैं। इन वीडियो में पूरी बिल्डिंग आग की लपेट में दिख रही है और मौके से काला धुएँ का गुबार भी उठ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेस्टोरेंट में ठहरने की भी व्यवस्था थी, जिसमें कुछ विदेशी लोग रुके हुए थे। आग से बचने के लिए उन लोगों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाई।

दिल्ली दमकल सेवा (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए शुरुआती कदम के तौर पर दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स गाड़ी और आग बुझाने वाली बाकी यूनिट्स भेजी गईं। फिलहाल आग को बुझा लिया गया है। आग बुझाने बाद की तस्वीरों में इमारत खाक हाल में दिख रही है। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौजूद है। हालाँकि, आग लगने का कारण सामने नहीं आया है।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50000 की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। साथ ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कहा कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। दिल्ली सरकार हादसे पर नजर बनाए हुए है।