मिडिल ईस्ट में फिर शुरू हुई जंग: इजरायल ने ईरान के कई शहरों पर दागी मिसाइलें, ट्रंप के मना करने के बाद भी जवाब देने से पीछे नहीं हटे नेतन्याहू

मिडिल ईस्ट में इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। लंबे वक्त तक चले सीजफायर के बाद अब इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने के बाद ईरान के सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमला किया। इस दौरान ईरान के कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, राजधानी तेहरान, तबरीज और इस्फहान शहरों में विस्फोटों की खबर सामने आई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि इजरायली सेना ने इस हमले में ‘एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइलों’ का इस्तेमाल किया है। ईरानी एजेंसी IRNA के मुताबिक, इस्फहान प्रांत के नजफाबाद इलाके पर हुए हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।

वहीं, इजरायली सेना (IDF) ने बयान जारी कर कहा कि इजरायली वायुसेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में ईरानी आंतकी शासन से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। IDF के मुताबिक, यह कार्रवाई कुछ समय पहले की गई।

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि ईरान पर इन हमलों में अमेरिका का हाथ नहीं है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कोई भी हमला ना करने की अपील की थी। ट्रंप ने यह भी कहा था कि ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी समझौते को इजरायल को स्वीकार करना होगा।