बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी शहर से मौलवी अशफाक से पूछताछ में नाबलिग लड़कियों को प्रेमजाल में फँसाने से लेकर नेपाल में तस्करी तक के खुलासे हुए हैं। अशफाक को 4 लड़कियों के साथ पकड़ा गया था, जिन्हें वह नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी कर रहा था। इसके बदले उसे ₹5 लाख से ज्यादा मिलने वाले थे।
लेकिन बिहार पुलिस की सक्रियता से इन लड़कियों को 36 घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू की गई लड़कियों ने भी कहा कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुँचती तो वह कभी अपने घर वापस नहीं पहुँचते। लड़कियों ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम था कि जो मौलवी उन्हें पढ़ाता है वह उन्हें बेच देगा। आरोपित मौलवी अभी पुलिस की गिरफ्त में है, उसने पुलिस को अपनी पूरी प्लानिंग और नेपाल में तस्करी नेटवर्क के बारे में उगला है।
नेपाल में बेचने के लिए नाबालिग लड़कियों की रेट लिस्ट
पुलिस पूछताछ में आरोपित अशफाक ने बताया कि साल 2022 में वह मौलवी की पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान वह नेपाल घूमने गया था, यहाँ उसे एक होटल में भारत का रहने वाला एक व्यक्ति मिला। उस व्यक्ति के साथ बातचीत हुई और उसने पूछा कि तुम भारत में क्या करते हो?
इस पर अशफाक ने बताया कि वह भारत में मौलवी की पढ़ाई कर रहा है और इसके बाद वह किसी मदरसे में मौलवी बन जाएगा। यह सुनकर व्यक्ति ने कहा कि मदरसे में पढ़ाओगे तो वहाँ नाबालिग लड़कियाँ भी आएँगी, अगर तुम उनको यहाँ नेपाल में उसके होटल में लाओगे तो अच्छी कमाई कर सकते हो।
अशफाक ने बताया कि उस व्यक्ति ने नाबालिग लड़कियों की रेट लिस्ट बताई। इसमें 12-16 साल की लड़कियों की 1.5 लाख रुपए कीमत हैं और इनसे भी कम उम्र की लड़कियों की एक लाख रुपए है। अशफाक से उस व्यक्ति ने कहा कि जैसे ही नाबालिग लड़कियाँ लाओगे तुम्हें तुरंत पैसे हाथ में मिलेंगे। यह कहते हुए व्यक्ति ने अशफाक से उसका नंबर ले लिया।
नाबालिग लड़कियों का ब्रेनवॉश, परिवार के खिलाफ भरी नफरत
अशफाक ने उस व्यक्ति की बात को दिमाग में रखा और जब पढ़ाई पूरी होने के बाद वह शिकारगंज थाना क्षेत्र के एक गाँव में मदरसे में मौलवी बना तो उसने अपनी प्लानिंग को अमल में लाया। अशफाक ने बताया कि वह बहुत खुश हुआ क्योंकि वहाँ काफी सारी नाबालिग लड़कियाँ थीं।
उसने बताया कि यहाँ उसने कई छात्राओं को अपने झाँसे में लेने की कोशिश की लेकिन कोई भी झाँसे में नहीं आई। इसी दौरान एक छात्रा को उसने स्पेशल ट्रीटमेंट देना शुरू कर दिया, जिसे वह नई-नई कहानियाँ सुनाता था। ऐसा करके अशफाक ने छात्रा को प्रेमजाल में फँसा लिया।
अशफाक रोजाना उससे फोन पर बात करता और अलग-अलग बातें बताकर उसका विश्वास जीत लिया। अशफाक ने लड़की को इस तरह से ब्रेनवॉश किया कि वह अपने परिवार के खिलाफ बोलने लगी और सिर्फ उसी की बात मानती थी। ठीक ऐसा ही अशफाक ने उसकी सहेली के साथ भी किया।
नेपाल तक पहुँचाने की पूरी कहानी
अब अशफाक इन लड़कियों को नेपाल तक पहुँचाने के अपने अगले कदम की ओर बढ़ा। 03 जून 2026 को अशफाक ने दोनों लड़कियों को घूमने ले जाने के बहाने अपने पास बुलाया। दोनों लड़कियाँ अपनी दो बहनों के साथ आईं, जिन्हें लेकर वह मोतिहारी पहुँचा।
यहाँ उन 4 लड़कियों को एक होटल में छोड़कर वापस गाँव आ गया। ताकि किसी को उसके ऊपर शक न हो। वह लगातार उन लड़कियों के साथ फोन पर संपर्क में था। अगले दिन वह भी लड़कियों के पास पहुँचा और उन्हें नेपाल-भारत बॉर्डर लेकर पहुँचा। यहाँ दो कमरे लिए। एक कमरे में नाबालिग लड़की के साथ खुद रहा और दूसरे में बाकी तीन लड़कियों को ठहराया। अशफाक ने बताया कि उसने नाबालिग लड़की के साथ रेप भी किया।
यहाँ से अशफाक चारों लड़कियों को लेकर बॉर्डर पार जाने वाला था लेकिन तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दरअसल, नाबालिग लड़कियों के परिजनों ने पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 36 घंटे के भीतर लड़कियों को रेस्क्यू किया।

