प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। वह लगातार सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने वाले नेता बन गए हैं। 10 जून 2026 को PM मोदी ने लगातार 4,399 दिन पद पर रहकर जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस ऐतिहासिक मौके पर दुनिया भर के बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
टूट गया नेहरू का 62 साल पुराना रिकॉर्ड
PM मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नेहरू बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री लगातार 4,398 दिन इस पद पर रहे थे। उनका यह कार्यकाल 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक था। PM मोदी अब उनसे आगे निकल गए हैं। इस लिस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी 4,077 दिनों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से लेकर आज तक वह लगातार 3 बार चुनाव जीतकर सत्ता में बने हुए हैं। उनके इस शानदार और बेदाग सफर की तारीफ आज पूरी दुनिया कर रही है।
श्रीलंका ने कहा- जनता का अटूट भरोसा
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका ने PM मोदी को बधाई चिट्ठी भेजी है। उन्होंने लिखा कि यह रिकॉर्ड दिखाता है कि भारत की जनता को आपके नेतृत्व पर कितना भरोसा है। उन्होंने कहा कि PM मोदी के विजन ने श्रीलंका को भी प्रेरित किया है। उन्होंने 2022 के आर्थिक संकट में भारत से मिली मदद को भी याद किया।
पापुआ न्यू गिनी के PM हुए मुरीद
पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक Video मैसेज जारी किया। उन्होंने PM मोदी को अपना रोल मॉडल बताया। मारापे ने कहा कि भारत में 20 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकालना एक चमत्कारी काम है। वह भारत के साथ अपनी दोस्ती को और मजबूत करना चाहते हैं।
त्रिनिदाद और टोबैगो से मिली तारीफ
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि PM मोदी की लीडरशिप में भारत दुनिया की एक मजबूत आवाज बनकर उभरा है। उन्होंने एक साधारण बैकग्राउंड से आकर 140 करोड़ लोगों का नेतृत्व करने के सफर को प्रेरणादायक बताया।

