UK के उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट (Belfast) में एक दिल दहला देने वाले चाकू हमले के बाद हिंसा भड़क गई है। इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने 30 वर्षीय सूडानी शरणार्थी हादी अलोदिद (Hadi Alodid) पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। इस घटना ने पूरे उत्तरी आयरलैंड में लोग भड़क गए हैं और इसके बाद बड़े पैमाने पर इमीग्रेशन विरोधी प्रदर्शन शुरू हो गए।
यह हमला सोमवार (8 जून 2026) की रात को हुआ जिसे पुलिस ने ‘बेहद क्रूर’ और ‘निर्मम’ करार दिया है। हमले में घायल व्यक्ति की पहचान स्टीफन ओगिल्वी (Stephen Ogilvie) के रूप में हुई है जो 40 वर्ष के आसपास बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने उनका गला काटने और सिर धड़ से अलग करने की कोशिश की। इस हमले में ओगिल्वी की बाईं आंख चली गई जबकि उनके सिर, चेहरे और पीठ पर गहरे घाव आए हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक किचन नाइफ (रसोई वाला चाकू) बरामद किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ स्थानीय लोग हमलावर को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के पहुँचने से पहले मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
हादी अलोदिद को बुधवार (10 जून 2026) सुबह बेलफास्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। उस पर स्टीफन ओगिल्वी की हत्या के प्रयास के अलावा उसी दिन एक NHS रेडियोग्राफर को जान से मारने की धमकी देने और चाकू रखने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद मंगलवार शाम बेलफास्ट समेत कई इलाकों में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए। कई जगहों पर गाड़ियों और घरों में आग लगा दी गई, संपत्तियों को नुकसान पहुँचाया गया और प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़पें हुईं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इमीग्रेशन के खिलाफ नारे लगाए जबकि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो में लोग काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करते दिखाई दिए।
उत्तरी आयरलैंड के असिस्टेंट चीफ कॉन्स्टेबल रयान हेंडरसन ने इस मामले को ‘क्रिटिकल इंसिडेंट’ घोषित करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने हिंसक दंगों की निंदा करते हुए कहा कि लोगों को उनकी पृष्ठभूमि के कारण निशाना बनाया गया और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

