PoK में पाकिस्तानी फौज का Mi-17 हेलीकॉप्टर क्रैश, सभी 21 जवानों की मौत

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बुधवार (10 जून 2026) को पाकिस्तानी फौज का एक Mi-17 हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसा मुजफ्फराबाद के पास हुआ, जिसमें हेलीकॉप्टर में सवार सभी 21 फौजियों की मौत हो गई। पाकिस्तानी फौज ने पुष्टि की है कि दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा।

फौज की मीडिया विंग ISPR के अनुसार, हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेलीकॉप्टर नीलम वैली सेक्टर में अतिरिक्त फौजियों को ले जा रहा था। तकनीकी समस्या आने के बाद पायलट ने आपातकालीन लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी और हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद बचाव और राहत दल मौके पर पहुँच गए। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर मलबा हटाने और शवों को निकालने का काम शुरू किया गया। पाकिस्तान सेना ने दुर्घटना के कारणों की जाँच के लिए एक बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दिया है।

पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्स और फौज के प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब PoK पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रहा है। हाल ही में रावलकोट में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में कई लोगों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की खबरें सामने आई थीं।