‘इस इलाके को जहन्नुम बना देंगे’: ईरान ने बहरीन-कुवैत में US के 18 ठिकानों को निशाना बनाया, होर्मुज किया बंद

ईरान ने अमेरिका के सैन्य अड्डों पर हमला किया है। यह हमला बहराइन और कुवैत में अमेरिका के 18 सैन्य ठिकानों पर किया गया है। इसके अलावा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी अमेरिका के दो जहाजों को निशाना बनाया है।

यह दावा ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्युशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने किया। IRGC ने कहा कि उसने गुरुवार (11 जून 2026) तड़के बहरीन के शेख ईसा एयरबेस और कुवैत के अली अल-सलेम और अहमद अल-जाबेर एयरबेस पर ड्रोन हमले किए।

साथ ही IRGC ने यह भी कहा कि अवैध तरीके से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करने वाले दो तेल के टैंकरों पर भी ईरान ने हमला किया है। इसके साथ ईरान ने होर्मुज बंद करने का ऐलान किया है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर होर्मुज से किसी भी जहाज ने गुजरने की कोशिश की तो उसे निशाना बनाया जाएगा।

IRGC एयरोस्पेस फोर्स कमांडर ब्रिगेडियर जनर माजिद मैसवी ने चेतावनी दी कि अगर होर्मुज में अस्थिरता आई तो ईरान पूरे इलाके में हमले करेगा। उन्होंने कहा, “हम इलाके को जहन्नुम बना देंगे अगर होर्मुज को कुछ हुआ तो।”

अमेरिका ने भी ईरान पर तेज किए हमले, होर्मुज बंद पर क्या बोला?

उधर अमेरिका सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावों को यह कहते हुए खारिज किया कि होर्मुज में कोई भी जहाज को निशाना नहीं बनाया गया और कहा कि होर्मुज से उनके जहाजों की आवाजाही सामान्य है।

इसी के साथ अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने ईरान पर रातोंरात हमले तेज किए हैं। इन हमलों में ईरान के सैन्य निगरानी सिस्टम, संचार व्यवस्था और हवाई सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी सेना ने ईरान के उन ठिकानों पर निशाना साधने वाले सटीक हथियार इस्तेमाल किए, जो अमेरिका की सेना और इलाके से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा बने हुए थे।