RG कर के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के घर पर चलेगा बुलडोजर, KMC ने अवैध निर्माण गिराने का थमाया नोटिस

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने RG कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ संदीप घोष के खिलाफ बेहद सख्त कदम उठाया। नगर निगम ने उनके निजी आवास में बने अवैध हिस्से को तुरंत गिराने का आदेश जारी कर दिया है।

KMC ने संदीप घोष और संगीता घोष को इसके लिए 45 दिनों का समय दिया है। यदि तय समय में इस अवैध निर्माण को नहीं हटाया गया, तो प्रशासन खुद बुलडोजर चलाकर इसे ध्वस्त कर देगा।

यह मामला कोलकाता के 83, बदन रॉय लेन स्थित उनके निजी मकान का है। केएमसी के बिल्डिंग विभाग की जाँच में सामने आया कि घर की छत पर नियमों को ताक पर रखकर अवैध ढांचा (परगोला) बनाया गया था।

इसके बाद निगम के स्पेशल ऑफिसर ने आधिकारिक तौर पर डिमोलिशन नोटिस जारी किया। बंगाल में बीजेपी की सत्ता आते ही अवैध संपत्तियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि समय सीमा खत्म होने के बाद बिना कोई रियायत दिए कड़ी दंडात्मक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।