‘अगर हम नहीं रहे, तो एक सेकेंड लगेगा…’: हिंदुओं को BJP का साथ देने पर मुस्लिमों के हमले की दी थी धमकी, ममता बनर्जी के खिलाफ कोलकाता में FIR दर्ज

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ शुक्रवार (12 जून 2026) को कोलकाता में FIR दर्ज की गई। यह मामला उनके मार्च 2026 के उस भाषण से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने बंगाली हिंदुओं को चेतावनी दी थी कि अगर वे BJP को वोट देकर उन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे, तो मुस्लिम उन्हें निशाना बना सकता है।

ममता बनर्जी ने यह बयान स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में आयोजित एक प्रदर्शन रैली के दौरान दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, ममता बनर्जी ने कहा था, “हम (TMC) हैं इसलिए आप (हिंदू) सब अच्छे से हैं। जिस दिन हम नहीं रहेंगे, एक सेकंड लगेगा।”

इसके बाद उन्होंने कहा, “अगर एक खास समुदाय (मुस्लिम) एकजुट होकर आपको घेर ले, तो एक सेकंड लगेगा, वे आपको पूरी तरह खत्म कर देंगे।” 20 मई 2026 को कोलकाता निवासी तुषार कांती दास ने दक्षिण कोलकाता के नेताजी नगर पुलिस स्टेशन में ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि ममता बनर्जी का यह बयान उस समय चुनावी माहौल वाले राज्य में डर, गलतफहमी और तनाव पैदा कर सकता था। इसी शिकायत के आधार पर कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार (12 जून 2026) को FIR दर्ज की।

ममता बनर्जी पर BNS की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी), धारा 196 (धर्म, जाति, भाषा या अन्य आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी या नफरत फैलाने) समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।