हर की पौड़ी घाट पर चप्पल पहन सिपाही अमजद खान ने बनाई REEL, वायरल होने पर बिजनौर SP ने किया लाइन हाजिर

उत्तराखंड के हरिद्वार में हर की पौड़ी घाट पर गंगा नदी में चप्पल पहनकर रील बनाने वाले बिजनौर के सिपाही अमजद खान का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर पुलिस विभाग ने सिपाही के खिलाफ एक्शन लिया है। बिजनौर एसपी अभिषेक झा ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब एक महीने पहले काम बिजनौर के स्योहारा थानाक्षेत्र की एक प्रतिमा खंडित हो गई थी। प्रतिमा को गंगा में प्रवाहित करने के लिए बिजनौर पुलिस टीम हरिद्वार के हरकी पौड़ी घाट गई थी। उसी वक्त सिपाही अमजद खान ने गंगा नदी में चप्पल पहनकर रील बनाई और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी।

25 सेकेंड की इस रील में अमजद खान चप्पल पहनकर हर की पौड़ी के घाट पर चश्मा उतारते हुए स्लो वॉक कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हुई। लोगों ने इसे धार्मिक भावनाएँ आहत करने वाला बताया।

इसके बाद वीडियो पर संज्ञान लेते हुए बिजनौर एसपी अभिषेक झा ने सिपाही अमजद खान को लाइन हाजिर किया। सिपाही पिछले सात महीने से स्योहारा थाने में तैनात था। सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जाँच रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई है और जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।