गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, अवैध रुप से भारत में घुसे 13 बांग्लादेशी घुसपैठिए हिरासत में: जल्द किए जाएँगे डिपोर्ट

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से 13 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम हुतेश यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम द्वारा की गई। कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी होने के बाद इन्हें वापस इनके देश डिपोर्ट कर दिया जाएगा।

पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर दस्तावेजों की गहन जाँच की। जाँच के दौरान 13 ऐसे व्यक्ति पाए गए जिनके पास भारत में रहने के वैध कागजात नहीं थे, जबकि उनके पास से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज भी मिले।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बांग्लादेश में एजेंटों की मदद से कालियागंज सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर आए थे और पहचान छिपाकर मजदूरों के रूप में विभिन्न स्थानों पर रह रहे थे। पुलिस अब यह जाँच कर रही है कि इन्हें गुरुग्राम में कौन संरक्षण दे रहा था और किसने इन्हें रोजगार उपलब्ध कराया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घुसपैठियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और झुग्गी-झोपड़ियों, किराए के मकानों, पीजी, औद्योगिक क्षेत्रों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाँच तेज की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे लोगों को डरने की आवश्यकता नहीं है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 112 पर देने की अपील की गई है।