चाय बेचने वाला मुस्ताक अली निकला पाकिस्तान का जासूस, बॉर्डर जाने वाली सड़क पर खोल रखी थी दुकान: सेना के मूवमेंट की भेजता था जानकारी, राजस्थान के जैसलमेर से पकड़ा गया

राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना इलाके से राजस्थान इंटेलिजेंस ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 26 साल के मुस्ताक अली को गिरफ्तार किया है। खरिया गाँव निवासी मुस्ताक पिछले दो साल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था और सेना-BSF की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।

जाँच एजेंसियों के मुताबिक, मुस्ताक अली ने बॉर्डर की तरफ जाने वाली मेन रोड पर एक चाय की दुकान खोल रखी थी। इसी दुकान की आड़ में वह सेना और BSF के वाहनों की आवाजाही पर नजर रखता था। वह जवानों की मूवमेंट, सैन्य गतिविधियों और संवेदनशील इलाकों के वीडियो और फोटो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स तक पहुँचाता था।

राजस्थान इंटेलिजेंस की लगातार निगरानी के दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियाँ सामेन आईं। डिजिटल सबूतों से पता लगा कि वह पाकिस्तानी हैंडलर्स से लगातार संपर्क में था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर जयपुर स्थित संयुक्त पूछताछ केंद्र (JIC) लाया गया, जहाँ तमाम खुफिया एजेंसियों ने उससे गहन पूछताछ की।

मुस्ताक के मोबाइल फोन से मिले डेटा ने कई अहम खुलासे किए हैं। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि उसे खास तौर पर दुकान की आड़ लेकर सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। अब एजेंसियाँ यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा उसके बदले उसे आर्थिक मदद मिली थी या नहीं। फिलहाल मामले में आगे की जाँच जारी है।