पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा थाना हमला मामले में सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ABP न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “माफिया की पत्नी के नेतृत्व में कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों पर हमले की कोशिश की। फाल्टा में कानून का शासन है। कोई माफिया कितना भी बड़ा क्यों न हो, सरकार उन्हें सबक सिखाएगी।” उन्होंने कहा, “पुलिस अधीक्षक को निर्देश दे रहा हूँ कि वे राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ केस दर्ज करें।”
शुभेेंदु ने कहा, “उन्हें ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी ऐसा हमला करने की हिम्मत न कर सके। उन्हें ना सिर्फ जेल होगी बल्कि हमला करने वालों की संपत्तियाँ भी जब्त कर उनकी नीलामी की जाएगी। कानून का शासन स्थापित करना ही हमारा उद्देश्य है।”
यह बयान दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान दिया गया। मुख्यमंत्री ने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें गिरफ्तार TMC नेता जहाँगीर खान को छुड़ाने के लिए उसके समर्थकों ने फाल्टा थाने का घेराव कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन का नेतृत्व जहांगीर खान की पत्नी कर रही थीं। भीड़ ने थाने में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की।
दरअसल जहांगीर खान को 8 जून को रंगदारी समेत कई मामलों में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार (16 जून 2026) को बड़ी संख्या में समर्थक थाने पहुँच गए।
वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए भागते और पास के तालाब में कूदते नजर आए। इस मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने जहांगीर खान की पत्नी को घटना की मुख्य साजिशकर्ता बताया है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जाँच जारी है।

