ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, दुनिया के 2 महान नेताओं में लिया नाम: US राष्ट्रपति बोले- वे युद्ध से दूर रहने वाले, बेहद मजबूत इंसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के दो सबसे महान नेताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का नाम लिया है। एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें एक मजबूत और सूझबूझ वाला नेता बताया है।

जानकारी के अनुसार, एक खास इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने ट्रंप से दुनिया के दो महान नेताओं के नाम पूछे। ट्रंप ने तुरंत चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और भारत के PM नरेंद्र मोदी का नाम लिया। उन्होंने कहा कि लीडरशिप के मामले में ये दोनों सबसे आगे हैं। ट्रंप ने PM मोदी के काम करने के तरीके को बेहतरीन बताया।

ट्रंप के इस इंटरव्यू के बाद भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Ambassador Sergio Gor) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि एक महान नेता कौन है? जवाब मिला: प्रधानमंत्री मोदी।

युद्ध से दूरी और समझदारी की तारीफ

ट्रंप ने बातचीत में PM मोदी की राजनीतिक समझ की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा युद्धों से दूर रहते हैं और यह बहुत समझदारी भरा फैसला है। ट्रंप के मुताबिक मोदी करीब डेढ़ अरब आबादी वाले देश का नेतृत्व बेहद शानदार तरीके से कर रहे हैं। भारत आज दुनिया में बहुत बड़ा स्थान रखता है।

महान नेता की परिभाषा देते हुए ट्रंप ने PM मोदी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले भारत में सरकारें बहुत जल्दी-जल्दी बदल जाती थीं। कोई छह महीने तो कोई साल भर ही टिक पाता था। इसके बाद अचानक मोदी आए और वह पिछले कई सालों से मजबूती के साथ टिके हुए हैं।

शांत पर बेहद सख्त इंसान हैं मोदी

ट्रंप ने PM मोदी के व्यक्तित्व की एक खास खूबी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी में शांति और राजनीतिक मजबूती का अनोखा मेल है। वे हर काम को बहुत शांति के साथ करते हैं। हालाँकि वे अंदर से शांत स्वभाव के व्यक्ति नहीं हैं बल्कि बहुत सख्त इंसान हैं।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर ट्रंप ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं और काफी समय से इस पर काम चल रहा है। ट्रंप ने भरोसा जताया कि PM मोदी के रहते भारत वैश्विक शांति और हर बड़े मामले में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।