सपा-कॉन्ग्रेस के निकम्मेपन से पिछड़ा बुंदेलखंड: ललितपुर में ₹1766 करोड़ की सौगात देकर बोले CM योगी, कहा- अब यहाँ बनेगा UP का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (20 जून) को ललितपुर में 1766 करोड़ रुपए की 221 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने बुंदेलखंड को सिर्फ माफिया और पलायन दिया, जबकि डबल इंजन सरकार इसे विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने साफ किया कि UP में अब सिर्फ कानून का राज है और बुंदेलखंड में देश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बनने जा रहा है।

ललितपुर के तुवन मंदिर मैदान में आयोजित जनसभा में CM योगी ने कॉन्ग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस ने देश में पाँच दशक और सपा ने UP में 4 बार राज किया। इन दोनों दलों ने मिलकर भी ललितपुर को 1500 करोड़ रुपए नहीं दिए। इन पार्टियों के पास विकास की कोई सोच ही नहीं थी। सपा के लिए उनका सैफई परिवार और कॉन्ग्रेस के लिए दिल्ली का परिवार ही सब कुछ था। भाजपा सरकार के लिए प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही उसका परिवार है। सरकार जनता को सुरक्षा और सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

माफियाराज खत्म और युवाओं को मिला रोजगार

CM योगी ने कहा कि पिछली सरकारों की संकुचित सोच के कारण हर जिले में एक माफिया पैदा हो गया था। ये माफिया अवैध खनन, वनों की कटाई और गोतस्करी में लिप्त थे। इन्होंने बुंदेलखंड के नौजवानों को पलायन के लिए मजबूर कर दिया था।

सीएम योगी ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने इन सभी माफियाओं को हवालात का रास्ता दिखा दिया है। अब UP में पूरी तरह कानून का राज है। आज ललितपुर के नौजवान और बेटियाँ बिना किसी सिफारिश के पुलिस और सरकारी नौकरियों में भर्ती हो रहे हैं।

सिर से उतरा घड़ा और घर-घर पहुँचा पानी

मुख्यमंत्री ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि पहले बुंदेलखंड की माताओं-बहनों की जिंदगी पानी ढोने में बीत जाती थी। रास्ते में ठोकर लगने से घड़ा फूट जाता था तो वे अपनी किस्मत पर रोती थीं। सीएम योगी ने याद दिलाया कि पिछली सरकारों के निकम्मेपन के कारण यहाँ पानी होते हुए भी लोग बूँद-बूँद को तरसते थे। अब हर घर जल योजना से यह संकट हमेशा के लिए खत्म हो गया है। हर घर में पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल पहुँच रहा है। इसके साथ ही दशकों से अधूरी अर्जुन सहायक परियोजना को भी सरकार ने पूरा कर दिखाया है।

UP का पहला फॉर्मा पार्क और डिफेंस कॉरिडोर

ललितपुर अब अपनी पुरानी पहचान छोड़ नवाचार की ओर बढ़ रहा है। जिले में 1500 एकड़ में उत्तर प्रदेश का पहला फार्मा पार्क बनने जा रहा है। इसके बाद यहाँ एक आयुष पार्क का निर्माण भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा। बुंदेलखंड को अब डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। UP में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान तक को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है।

युवाओं को बिना ब्याज का पैसा और लाभार्थियों को मदद

रोजगार के मुद्दे पर बात करते हुए CM योगी ने कहा कि पूर्वज कहते थे कि जब तक उधार मिले तब तक ललितपुर मत छोड़ना। लेकिन अब युवाओं को किसी से उधार माँगने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत सरकार बिना ब्याज और बिना गारंटी के पैसा दे रही है। युवा अपना व्यापार बढ़ाएँ और आत्मनिर्भर बनें। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, गाड़ियों की चाबियाँ, स्मार्ट फोन, आयुष्मान कार्ड और ग्रामीण आवास की चाबियाँ भी सौंपीं।