हरियाणा के सोनीपत में हिंदू युवती को पहचान छिपाकर प्रेम संबंध में फँसाने और बाद में उसका धर्मांतरण करा कर निकाह करने का मामला सामने आया। पुलिस ने आरोपित सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। सलमान ने युवती से दोस्ती करते समय अपना नाम अमित बताया था और बाद में उसे अपने साथ बिहार ले जाकर धर्मांतरण कराया।
युवती के पिता के अनुसार, उनकी बेटी 15 जून को अचानक घर से लापता हो गई थी। परिवार का आरोप है कि सलमान बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में बिहार स्थित एक मस्जिद में ले जाकर उसका धर्मांतरण कराने के बाद निकाह कर लिया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उसे कुछ पदार्थ खिलाकर उसके ब्रेनवॉश की भी कोशिश की गई। परिवार के मुताबिक, 16 जून को बेटी के गायब होने की शिकायत स्थानीय पुलिस चौकी में दी गई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बाद में मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर तक पहुँचाई गई, जिसके बाद जाँच तेज हुई। इसी दौरान आरोपित सलमान खुद युवती को लेकर पुलिस चौकी पहुँच गया। सूचना मिलने पर परिवार भी वहाँ पहुँचा। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सलमान का पहले से निकाह हो चुका है और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जाँच में जबरन धर्मांतरण के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर हरियाणा धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

