शिमला में गिरफ्तार किया गया अमेरिका का नागरिक जोशुआ क्रिश्चियन, लोगों को कर रहा था अश्लील इशारे: वीडियो हुआ Viral

हिमाचल प्रदेश के शिमला के रिज मैदान में अभद्र व्यवहार कर लोगों को परेशान करने के आरोप में पुलिस ने एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जोशुआ क्रिश्चियन के रूप में हुई है।

वायरल वीडियो में आरोपित को सार्वजनिक स्थान पर लोगों के साथ अजीब व्यवहार करते, जोर-जोर से चिल्लाते और आपत्तिजनक इशारे करते हुए देखा गया। एक अन्य वीडियो में वह एक व्यक्ति के सिर से टोपी गिराते और उस पर चिल्लाते हुए दिखाई देता है।

मामले का संज्ञान लेते हुए शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114 के तहत आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और शांति बनाए रखना सभी नागरिकों और पर्यटकों की जिम्मेदारी है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आईं। कई लोगों ने कहा कि किसी भी देश में यात्रा के दौरान स्थानीय नियमों, शिष्टाचार और सामाजिक मर्यादाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।