NEET री-एग्जाम से पहले पेपर लीक का दावा बिलकुल फर्जी: NTA ने किया साफ, बताया- ऐसी करतूत करने वालों पर लेंगे एक्शन

NTA ने NEET UG 2026 रिएग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर पेपर लीक वाले वीडियो के दावे को फर्जी करार दिया है और कहा है कि ये पूरी तरह निराधार वीडियो है और इसमें किए गए दावे गलत हैं। एनटीए ने 21 जून 2026 को हुई परीक्षा को लेकर कहा कि यह कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

एनटीए ने कहा कि स्टूडेंट्स को बरगलाने और धोखा देने या डराने के लिए ऐसी गलत जानकारी जानबूझकर फैलाना एक गंभीर अपराध है। NTA, I4C और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की मदद से, इस कंटेंट को शुरू करने वाले के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

एनटीए ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही जानकारी की पुष्टि करें और ऐसी सामग्री को आगे न बढ़ाएँ।

वायरल वीडियो में परीक्षा में गड़बड़ी की बात कही गई

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मोहम्मद नौमान नाम के यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के साथ उसने एक्स पर लिखा, ‘कृपया इंटरनेट पर मिले इस वीडियो के बारे में ठीक से जानकारी दें। इसकी जाँच करें और अधिकृत जानकारी दें। इससे टेलीग्राम पर बैन को लेकर कई सवाल उठते हैं। क्या फिर से कुछ गड़बड़ हुई है? या यह सिर्फ एहतियात के तौर पर किया गया था? साफ जानकारी मिलने से ही कुछ मदद मिलेगी।’

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद एनटीए ने छात्रों, अभिभावकों और देश की जनता को आश्वस्त किया है कि ये पूरी तरह फर्जी है और परीक्षा पूरी तरह क्लीन और पारदर्शी हुआ है।