उद्धव गुट के 2 बागी सांसदों ने किया शिंदे गुट से जुड़ने का ऐलान, बताया- अपने क्षेत्रों के विकास के लिए लिया ये फैसला

महाराष्ट्र के यूबीटी शिवसेना के बागी 6 सांसदों में से दो ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना का हाथ थाम लिया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाकी 4 सांसदों का रुख क्या होगा। हालाँकि यूबीटी शिवसेना के बागी सांसद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान करने जा रहे हैं।

अभी तक जिन दो सांसदों ने शिंदे गुट की शिवसेना का हाथ थामा है, वे हैं- धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर और हिंगोली के सांसद नागेश आष्टीकर। आष्टीकर ने फेसबुक लाइव कर ही अपने पाला बदलने का ऐलान कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सांसदों की आलोचना करने के बावजूद निंबालकर को मनाने की उद्धव ठाकरे ग्रुप ने कोशिश की और उनके नजदीकी सांसदों को संदेश लेकर भेजा, लेकिन वे नहीं माने।

उन्होंने साफ कहा कि उन्हें उद्धव ठाकरे से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन विपक्ष में रहकर अपने सियासी दुश्मनों से लड़ना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि उन्हें सत्ता और पैसे की लालच नहीं है, लेकिन राजनीतिक अस्तित्व और क्षेत्र के विकास के लिए ये फैसला लिया है।

6 सांसदों का उद्धव ठाकरे ग्रुप को छोड़ कर जाना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। हालाँकि उद्धव ठाकरे ने शिवसेना स्थापना दिवस समारोह में बागी सांसदों की आलोचना करते हुए कहा था कि जो जाना चाहता है वह जाए। इससे पार्टी कमजोर नहीं होगी, बल्कि ज्यादा मजबूत बनेगी।