गुजरात के अहमदाबाद के व्यस्त रिलीफ रोड इलाके में रविवार (21 जून 2026) को दिनदहाड़े एक हिंदू युवक की हत्या का मामला सामने आया है। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि पैसों के लेन-देन के विवाद में शाकिब सलीम शेख ने हाटकेश्वर निवासी जयशंकर मद्रासी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की जाँच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 25 वर्षीय मृतक जयशंकर मद्रासी अहमदाबाद के हाटकेश्वर इलाके के पोखरा क्षेत्र का रहने वाला था। उसका वटवा निवासी शाकिब सलीम शेख के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मामला सुलझाने के बहाने बुलाया फिर चाकू से किया हमला
इस विवाद को सुलझाने के बहाने शाकिब ने जयशंकर को फोन करके रिलीफ रोड स्थित पथ्थरकुवा इलाके में बुलाया था। जयशंकर के वहाँ पहुँचने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शाकिब ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाला और जयशंकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल जयशंकर खून से लथपथ हालत में सड़क पर ही गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में से एक रिलीफ रोड पर हुई इस हत्या की घटना से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही कारंज पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। कारंज पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अलग-अलग टीमें बनाई गईं। जाँच के दौरान वटवा निवासी शाकिब सलीम शेख की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जाँच की जा रही है।

