पंजाब के बठिंडा में बीजेपी नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर नकाबपोश बदमाशों ने सोमवार (22 जून 2026) देर रात को पेट्रोल बम से हमला किया। हमले में क्लीनिक के भीतर गमलों और एक स्कूटी में आग लग गई। क्लीनिक के पास ही RSS का भी कार्यालय है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना मुख्यमंत्री भगवंत मान के बठिंडा दौरे से ठीक पहले हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना रात लगभग 10 बजे की है। दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और बोतल में पेट्रोल भरकर उसमें आग लगाई और तुरंत क्लीनिक की ओर फेंक दी। इसके बाद खुद मौके से फरार हो गए। क्लीनिक में मौजूद एक युवक ने बताया कि एक बदमाश ने पेट्रोल बम फेंका और दूसरी घटना का वीडियो बना रहा था।
BJP नेता डॉ. तरसेम गर्ग ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस की दी। डॉ. गर्ग ने बताया कि उनकी किसी से भी कोई दु्श्मनी नहीं है और न ही उन्हें पहले कभी कोई धमकी मिली है। लेकिन घटना के बाद आधी रात को डॉ. गर्ग की पत्नी को फोन कॉल आया, कॉलर ने खुद को शहजाद भट्टी बताया और धमकियाँ दी और घटना की भी जिम्मेदारी ली।
पुलिस इस एंगल से भी जाँच कर रह रही है। पुलिस ने सीसीटवी फुटेज में हमलावरों को देखा लेकिन नकाबपोश होने के चलते पहचान कर पाना मुश्किल हो गया।
वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी अगले दिन यानी आज मंगलवार (23 जून 2026) को बठिंडा आना तय है और इसके लिए पुलिस सुरक्षा के इंतजाम में लगी हुई है। लेकिन सीएम के दौरे से पहले इतनी बड़ी घटना होना शहर की कानून व्यवस्था पर सीधे सवाल खड़े करती है।

