दिल्ली के महरौली इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ सोमवार (22 जून) तड़के फुटपाथ पर अपने परिवार के साथ सो रही 11 साल की बच्ची को एक कैब ड्राइवर ने अगवा कर लिया। कई मीडिया रिपोर्ट में बच्ची की उम्र 10 साल की बताई जा रही है।
आरोपित कैब ड्राइवर ने बच्ची के साथ रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद से महज कुछ ही घंटों में आरोपित कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, जब परिवार को जब बच्ची के गायब होने का पता चला था, तब उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया था। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें जाँच में जुटी। पकड़े गए कैब ड्राइवर की पहचान बिहार के रहने वाले 25 वर्षीय बबूल के रूप में हुई।
आरोपित कैब ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के लिए बच्ची की लाश को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के पास जंगलों में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित कैब ड्राइवर की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

