बांग्लादेश: तालाब में तैरता मिला 8 साल की हिंदू बच्ची का शव, अपहरण के बाद ले ली मासूम की जान

बांग्लादेश के टांगैल जिले के सखीपुर से एक बेहद दर्दनाक और झझोंर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 2 दिन पहले लापता हुई 8 साल की एक मासूम हिंदू बच्ची ‘सेजुती’ की हत्या कर दी गई है। सोमवार (22 जून) सुबह पुलिस ने उसका शव सखीपुर नगर पालिका के तालाब से बरामद किया है।

हिंदू बच्ची के परिवार का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने रविवार (21 जून) रात को फोन करके उसे छोड़ने के बदले 3 लाख टका की फिरौती माँगी थी। फिरौती का पैसा न मिलने पर बदमाशों ने बच्ची की जान ले ली।

सखीपुर के मंदिरपाड़ा इलाके में रहने वाली सेजुती दूसरी कक्षा की छात्रा थी। वह शनिवार (20 जून) शाम को अचानक घर के बाहर से गायब हो गई थी। परिवार ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शनिवार रात को ही बच्ची के पिता फालू चंद्र मालू ने सखीपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

अपहरण की यह खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया था। रविवार (21 जून) रात को फिरौती का फोन आने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार (22 जून) सुबह बच्ची की लाश तालाब में तैरती हुई मिली।

पीड़ित पिता ने रोते हुए प्रशासन से माँग की है कि उनकी मासूम बेटी के हत्यारों को पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच में जुट गई है।