केंद्र सरकार ने कमर्शियल और इंडस्ट्रियल LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। सरकार ने गैस सप्लाई पर लगी सभी पाबंदियाँ हटा दी हैं। अब होटल, रेस्टोरेंट, अस्पतालों और उद्योगों को पहले की तरह पूरी गैस सप्लाई मिलेगी।
मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण मार्च 2026 से इस सप्लाई में कटौती की गई थी। तब घरेलू ग्राहकों को राहत देने के लिए यह कदम उठाया गया था। अब देश में LPG की उपलब्धता बेहतर हो गई है। पेट्रोलियम सचिव डॉ नीरज मित्तल ने नई व्यवस्था तुरंत लागू करने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों पर लगी रोक पूरी तरह हट गई है। वहीं, फैक्ट्रियों के लिए बल्क LPG सप्लाई को पुरानी खपत के 50 प्रतिशत तक बहाल कर दिया गया है। सरकार ने साफ किया है कि इस फैसले से घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई या कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

