मध्यप्रदेश के उज्जैन में MBBS की पढ़ाई कर रही एक छात्रा का फेक अश्लील डीपफेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। मामला तब सामने आया जब पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक आपत्तिजनक वीडियो गाँव और व्हाट्सएप ग्रुप में फैलाया जा रहा है।
पुलिस जाँच में बड़ा खुलासा हुआ कि यह पूरी साजिश छात्रा और उसके परिवार की बढ़ती सामाजिक प्रतिष्ठा से जलन रखने वाले कुछ रिश्तेदारों ने मिलकर रची थी। आरोपितों ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान जमा दस्तावेजों से छात्रा की फोटो हासिल की।
इस फोटो को BLO फखरुनिशा उर्फ बेबी ने आगे एहसान पटेल को व्हाट्सएप के जरिए भेजा, जिसके बाद यह फोटो अन्य लोगों तक पहुँची।
इसी तस्वीर का इस्तेमाल कर AI और डीपफेक तकनीक की मदद से अश्लील वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल 5 आरोपित हैं, जिनमें से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 1 आरोपित अभी फरार है।
हालाँकि पुलिस ने जिन सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया है, उनके पूरे नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। जाँच एजेंसियाँ उनके मोबाइल फोन और डिजिटल सबूतों की जाँच कर रही हैं ताकि पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक रंजिश और सामाजिक जलन से जुड़ा हुआ है और आगे की जाँच जारी है।

