इंग्लैंड के लीसेस्टर में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे 25 वर्षीय भारतीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के तालमडला गाँव निवासी एस श्रीनाथ रेड्डी के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, श्रीनाथ 23 जून को अपने आवास में मृत पाए गए, जबकि मौत के कारणों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने बताया कि श्रीनाथ करीब 14 महीने पहले उच्च शिक्षा के लिए यूनाइटेड किंगडम गए थे और लीसेस्टर स्थित डी मॉन्टफोर्ट यूनिवर्सिटी से मास्टर्स कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, 22 जून की रात उनकी श्रीनाथ से बातचीत हुई थी और उस दौरान कुछ भी असामान्य नहीं लगा था।
बाद में जानकारी मिली कि वह उसी रात एक जन्मदिन समारोह में शामिल हुए थे। परिवार के एक रिश्तेदार के अनुसार, अगले दिन सुबह श्रीनाथ के रूममेट ने उन्हें कमरे में मृत पाया। हालाँकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
श्रीनाथ के पिता मधुसूदन रेड्डी ने केंद्र सरकार और तेलंगाना सरकार से बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है। वहीं यूनाइटेड किंगडम के अधिकारियों की ओर से मामले पर अभी तक कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की गई है।

