कराची हमले पर पाकिस्तान के भारत विरोधी आरोपों को MEA ने किया खारिज, कहा- पहले अपनी जमीन पर आतंकवाद और सुरक्षा चुनौतियों पर करे कार्रवाई

कराची में हाल ही में हुए हमले को लेकर पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगाए गए आरोपों को भारत सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इन आरोपों को निराधार और तथ्यों से परे बताते हुए पाकिस्तान को अपनी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों पर ध्यान देने की सलाह दी है।

विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने बयान में कहा, “हमने कराची में हाल ही में हुई घटना को लेकर भारत के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने वाली पाकिस्तानी रिपोर्टें देखी हैं। हम उन्हें स्पष्ट और कड़े शब्दों में खारिज करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय, पाकिस्तान के लिए यह बेहतर होगा कि वह अपने अंदर झांके। वह अपनी धरती पर मौजूद आतंकवादी बुनियादी ढाँचे के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करे और राज्य की नीति के एक उपकरण के रूप में आतंकवाद पर भरोसा करने की अपनी पुरानी प्रवृत्ति से खुद को मुक्त करे।”

दरअसल शनिवार (27 जून 2026) की रात कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया गया। हमलावर विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए परिसर तक पहुँचे, जिसके बाद जोरदार धमाके और लंबी गोलीबारी हुई।

इस हमले में पाकिस्तान के कई सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई जबकि जवाबी कार्रवाई में कई हमलावर मारे गए। इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है।